पंचकूला। सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम गौरव चौहान ने लोगों की समस्या सुनी। एसडीएम ने एमसी मोनिका और ग्रामीणों की मांग पर घरों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तार को हटवाने की मांग पर कार्रवाई कर संबंधित बिजली अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा भागचंद दमदमा की शिकायत पर पिंजौर थाना एसएचओ को पर्चा दर्ज करने के निर्देश दिए। गौरव चौहान ने गांव बडियाल भोज नग्गल ब्लाॅक मोरनी के पृथ्वी सिंह और ग्रामीणों की मांग पर बरसाती नाले का मुआयना कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर पुलिया बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम गौरव चौहान ने सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किए जा रहे हैं। समाधान शिविर प्रत्येक कार्यदिवस उपायुक्त कार्यालय के सभागार में सुबह दस से 12 बजे तक लगाए जा रहे हैं। यदि किसी जिलेवासी को किसी किस्म की परेशानी है, तो वे शिविर में आकर अपनी समस्या का तुरंत निवारण करवा सकते हैं। इस मौके पर नगराधीश विश्वनाथ, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पब्लिक हेल्थ, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास एवं पंचायत विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बागवानी, कृषि, टाउन कंट्री प्लानिंग और अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।