रायपुररानी। परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर तीन लड़कों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बलबीर सिंह निवासी दूधला ने पुलिस को बताया कि 16 दिसंबर की दोपहर में करीब 12:30 बजे उन्हें रायपुररानी सरकारी स्कूल से सूचना मिली कि उनके बेटे भविष्य सिंह को चोट लगी है। उसे रायपुररानी सरकारी अस्पताल लाया गया है। जब बलबीर सिंह अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके बेटे का सिर फटा हुआ था। उसकी कमीज खून से सनी हुई थी।
घायल छात्र ने पुलिस को बताया कि परीक्षा देने के बाद वह पानी पीने के लिए शिव मंदिर के पास स्थित पानी की टंकी पर गया था। उसी दौरान अनिकेत, आकाश और दक्ष ने उसको धक्का दे दिया।
पूछने पर बिना किसी कारण उसको थप्पड़ और घूंसे मारे। बचने की कोशिश में वह स्कूल की तरफ भागा, लेकिन तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद धारदार वस्तु से उसके सिर पर चोट की। भविष्य ने बताया कि आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया, तो हमलावरों ने जाते-जाते उसे धमकी दी।