लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति व स्कूल वाहन पॉलिसी पर हुई बैठक
नगर निगम को शहर के सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त करने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 के लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति व सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व यातायात प्रबंधन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर किए कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान डीसी मोनिका गुप्ता ने डीसीपी क्राइम अमित कुमार को निर्देश देते हुए माजरी चौक, ओल्ड पंचकूला रोड पर ट्रैफिक की मूवमेंट पर नजर रखने और महीने के आखिर तक पीसीआर लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि रैश ड्राइविंग, ओवरस्पीड, रेड लाइट जंप, नशा करके गाड़ी चलाने वाले लोगों के चालान करने के निर्देश दिए हैं। पीएमडीए को पुराने पंचकूला में बल्लियां और साइन बोर्ड सात दिन में लगवाने को कहा है। उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी और बीएंडआर के एक्सईएन को संबंधित क्षेत्र में रिफ्लेक्टर मिरर, कोन-वैक्स मिरर लगाने के कहा है। एचएसवीपी को रेड लाइट दुरुस्त करने को कहा गया है। उपायुक्त ने नगर निगम को सेक्टर-14, गर्ल्स कालेज में रंबल स्ट्रीप्स लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने एसीपी ट्रैफिक को रैश ड्राइविंग, ओवर स्पीड, रेड लाइट क्राॅस करने, नशा करके गाड़ी चलाने वाले लोगों के खिलाफ ड्राइव चलाकर ज्यादा से ज्यादा चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीए सचिव हैरतजीत कौर को सभी स्कूलों के वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, वाहनों के पाल्यूशन, आरसी की मियाद खत्म वाले वाहनों के चालान काटने व उनको बंद करने कहा। उन्होंने ट्रैफिक इंस्पेक्टर को मौके पर जाकर सेक्टर-8 की पार्किंग के अलावा अन्य स्थानों पर खड़ी स्कूल बसों के चालान के निर्देश दिए। एनएचएआई को अपने क्षेत्र में ब्लीकिंग लाइट, शाइन बोर्ड, दुर्घटना संभावित क्षेत्र व लाइटों को दुरुस्त करने का निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को रेडक्रॉस के साथ समन्वय स्थापित कर स्कूल बस कंडक्टरों की ट्रेनिंग करवाने के व एसडीएम पंचकूला को स्कूल बसों की समय समय पर चेकिंग के भी निर्देश दिए।