जाट भवन में बैठक, बाहर से आए चेहरों पर भी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा बुधवार, 22 अप्रैल को करेगा। यह फैसला सेक्टर-6 स्थित जाट भवन में सुबह 10 बजे होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
बैठक में जिला पंचकूला के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आवेदन करने वाले दावेदार शामिल होंगे। जिला शहरी अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला करेंगे। इसमें मेयर पद के उम्मीदवार के साथ-साथ सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जाएगा।
बैठक के तुरंत बाद सर्वसम्मति से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इनेलो पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह नगर निगम चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ेगा और मेयर सहित सभी वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारने का लक्ष्य रखता है।
अग्रवाल ने कहा कि मेयर पद के लिए पार्टी के पुराने और वफादार कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, वार्डों में भी सक्रिय और इच्छुक कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा। हालांकि, अन्य दलों से आने वाले योग्य और मजबूत उम्मीदवारों के नामों पर भी विचार किया जा सकता है।