सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट, समर्थकों ने दी बधाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के सियासी गलियारों में सोमवार का दिन चर्चाओं के नाम रहा। नगर निगम चुनाव और संभावित संगठनात्मक बदलावों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के एक करीबी भाजपा नेता का नाम मेयर पद के लिए तेजी से उछला। सुबह से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सएप ग्रुप्स में उनके नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं, जिससे जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया।
समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उक्त नेता की सक्रियता और शहर के विकास में योगदान को आधार बनाकर पोस्ट साझा करनी शुरू कर दीं। कई स्थानीय ग्रुप्स में तस्वीरें भी वायरल की जा रही हैं। समर्थकों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जुड़े रहे इस नेता का अनुभव शहर के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।
हालांकि, पार्टी के आधिकारिक स्तर पर अभी तक किसी नाम पर मुहर नहीं लगी है और नेतृत्व ने चुप्पी साध रखी है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने पंचकूला का माहौल पूरी तरह चुनावी बना दिया है। अब नजर इस बात पर है कि पार्टी हाईकमान इस हाइप को किस तरह देखता है और अंतिम फैसला क्या होता है।