पंचकूला। जिला पुलिस द्वारा बनाए व्हाट्सएप ग्रुप में बुधवार को उस समय हर कोई हैरत में पड़ गया, जब एक सदस्य ने अश्लील फोटो पोस्ट कर डाली। हर कोई सकते में आ गया। इस तरह का फोटो डालने पर आरोपी सदस्य को ग्रुप से बाहर तो निकाल दिया गया लेकिन तब तक ग्रुप के कई सदस्य उस फोटो को देख चुके थे।
जानकारी के अनुसार पंचकूला पुलिस विभाग की सिक्योरिटी ब्रांच ने एक लॉकडाउन आरडब्लयूए नाम से व्हाट्स एप ग्रुप बनाया है। इसमें पुलिस के उच्चाधिकारियों समेत विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यू के प्रधान व अन्य पदाधिकारियों सहित कई पत्रकार भी शामिल हैं। इस ग्रुप को कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान पंचकूला जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी देने व आरडब्ल्यू के सहयोग से महामारी से लड़ने के उद्देश्य से बनाया गया था पर बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे इसमें एक सदस्य ने आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर दी। कुछ समय बाद ही आरोपी व्यक्ति ने फोटो को डिलीट कर दिया लेकिन एडमिन ने फोटो डालने के आरोपी व्यक्ति को ग्रुप से रिमूव कर दिया। हालांकि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई या नहीं, इस संबंध में कोई अधिकारी नहीं बोल रहा है।