चंडीगढ़। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की ओर से वीरवार को आयोजित वर्चुअल संवाद में सभी दलों के विधायकों ने राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होकर कोरोना से लड़ने का संकल्प दोहराया। बैठक में अनेक विधायकों ने प्रदेश में बढ़ते संक्रमण और घटती ऑक्सीजन की मात्रा पर चिंता जताई तो कुछ ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर अंकुश लगाने की मांग की।
वर्चुअल संवाद में रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने अस्पतालों में हो रही ऑक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश में दुकानों का समय शाम 6 बजे तक ही सीमित करना चाहिए। रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि अस्पतालों में बेड की कमी होती जा रही है। इसके लिए सरकार को कारगर कदम उठाने चाहिए। गुरुग्राम से विधायक सुधीर सिंगला ने आईएएस अफसरों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक अधिकारी का नाम लेकर कहा कि वे प्रदेश सरकार की योजना से गुरुग्राम में कोरोना के हालात का जायजा लेने आए, लेकिन अपने दौरे की स्थानीय जनप्रतिनिधि को सूचना तक नहीं दी। उन्होंने डॉक्टरों की टीम भेजने के लिए प्रदेश सरकार की तारीफ भी की।
अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की बात को गंभीरता से लेते हुए लोगों की मदद करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि एनसीआर में हालात ज्यादा बिगड़ रहे हैं। इसलिए एनसीआर जिलों में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए शाम 6 या 7 बजे तक का समय निर्धारण कर सकते हैं।
यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि पैनिक रोकने के लिए सैनेटाइजेशन की प्रक्रिया को तेज करने की आवश्यकता है। नारनौल से विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि उनके हलके में हालात काफी संतोषजनक हैं। असंध से विधायक शमशेर सिंह गोगी ने मंडियों में दिक्कतों का उल्लेख किया। कहा कि बारदाना पर्याप्त नहीं होने के कारण गेहूं की खरीद धीमी गति से हो रही है। इसलिए किसानों को कई दिन तक रुकना पड़ रहा है। ऐसे में संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है।
फरीदाबाद एनआईटी से कांग्रेस नीरज शर्मा ने कहा कि संवाद में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को भी शामिल किया जाना चाहिए था। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों को आश्वासन दिया कि उनकी बात मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंचा दी जाएगी।
घरौंडा से भाजपा विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सरकार को निजी अस्पतालों की सेवाएं भी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक राशन वितरण के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग को विशेष सेल बनाना चाहिए। झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सुझाव दिया कि कोविड से मरने वालों के इलेक्ट्रिक संस्कार की व्यवस्था भी सरकार करे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन भी अब समाप्त हो जाना चाहिए, क्योंकि जब लोग बचेंगे तभी उनकी मांगों की बात होगी। हिसार से भाजपा विधायक कमल गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को वेक्सीन मुहिम को प्रोत्साहित करना चाहिए। सभी जनप्रतिनिधियों को अपने परिजनों को यह वेक्सीन लगवानी चाहिए। नूंह के पुन्हाना हलके से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वाले लोगों पर सख्ती बरतनी चाहिए। थानेसर से भाजपा विधायक सुभाष सुधा ने शादियों में भीड़ रोकने की बात कही। नारायणगढ़ से विधायक शैली ने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते कोरोना के केसों पर चिंता जताई।
प्रदेश में फैल रही अजीबोगरीब अफवाहें
संवाद में विधायकों ने कहा कि अनेक असामाजिक तत्व प्रदेश में अजीबोगरीब अफवाहें फैला रहे हैं। बाढड़ा से जजपा विधायक नैना चौटाला ने कहा कि हलके में ऐसी अफवाहें हैं कि 60 साल से ऊपर के लोगों को सबसे पहले इसलिए वेक्सीन लगाई जा रही है ताकि उनकी मौत हो जाए और सरकार को पेंशन न देनी पड़े। इसी प्रकार इसराना से विधायक बलबीर सिंह और फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि कुछ लोग अस्पतालों में कोरोना से मरने वाले लोगों के अंग निकाले जाने की अफवाहें फैला रहे हैं।