पंचकूला। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेेंसिंग के जरिए सभी जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और निगम आयुक्त के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी जिला अस्पतालों में निर्बाध तरीके से ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था करें, ताकि किसी भी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी न रहे।
बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिला के अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की उपलब्धता है। लोगों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला में कोरोना के मामलों को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। प्रतिदिन 2000 से 2500 के बीच सैंपलिंग की जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है और आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या को और बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, नगर निगम आयुक्त आरके सिंह, नगराधीश सिमरनजीत कौर, सिविल सर्जन पंचकूला जसजीत कौर उपस्थित थे।
68 प्रतिशत गेहूं का उठान हुआ
मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिला में 45 हजार मीट्रिक टन के लक्ष्य की तुलना में अब तक 39 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। मंडियों में उठान समय पर हो रहा है और 68 प्रतिशत गेहूं का उठान अब तक हो चुका है। इसके अलावा किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। किसी भी समस्या से निपटने के लिए मार्केट कमेटी के सचिव को उचित निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जल शक्ति अभियान के तहत जो भी लक्ष्य जिला को दिए जाएंगे उसे पूरा किया जाएगा।