कार को टेा करके ले जाते आरोपी। संवाद
मोहाली। पंजाब विवि के छात्र का गन पॉइंट पर अपहरण कर उससे कुकर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने के मामले में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इसके पीड़ित के लगाए आरोप नजर आ रहे हैं। शिमला निवासी पीड़ित के अनुसार उसकी एक्सयूवी कार को आरोपी थार से टो करके ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग कार ले जाते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा पीड़ित के फ्लैट में तोड़-फोड़ की भी फोटो सामने आई है।
पुलिस इस मामले में खुलकर बोलने को तैयार नहीं है, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित का यह भी कहना है कि पुलिस ने मामले में फिरौती, मारपीट, जान बूझकर कर चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाना जैसी धाराओं के तहत मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन उसके साथ कुकर्म करने और गन पॉइंट पर उसे मजबूर करने यानी आर्म्स एक्ट की धाराओं को एफआईआर में शामिल नहीं किया है। युवक का कहना है कि उसके साथ कुकर्म हुआ है। इस बात का मेडिकल भी उसके पास है। पुलिस सूत्रों के अनुसार डीएसपी कर्ण संधू ने पीड़ित को एसएचओ सिटी खरड़ को आकर सबूत पेश करने को कहा है। पीड़ित का कहना है कि उसे अब भी आरोपियों से धमकियां मिल रही हैं। उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप है कि शिमला के रहने वाले छात्र को सरपंच हरजीत सिंह बैदवान उर्फ प्रीत और उसके दोस्त ने किडनैप किया और उसके साथ सेक्टर-88 में कुकर्म किया। उसके गुप्तांग पर करंट लगाया। ब्लैकमेल कर उसके मोबाइल से जबरन 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। उसकी एक्सयूवी कार उन्हें जबरन बेचने की वीडियो बनवा ली। छात्र से उसके चेक पर हस्ताक्षर करवाकर चार लाख की फिरौती भी मांगी। वह बेहोशी की हालत में छोटा शिमला पुलिस को मिला था। छोटा शिमला पुलिस ने 25 जनवरी को इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की थी। 18 फरवरी को सिटी खरड़ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।