चंडीगढ़। पंजाब में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने 24 घंटे के भीतर जियो के 158 मोबाइल टावरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे हजारों मोबाइल मोबाइल फोन ठप पड़ गए हैं। अब तक किसान पंजाब में कुल 1345 टावरों को क्षतिग्रस्त कर चुके हैं।
टावरों को संचालित करने के लिए रखे गए कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। पंजाब के विभिन्न हिस्सों से टावरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान बिजली लाइनें भी तोड़ी गईं।
मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए टावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन (टीएआईपीए) ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से अनुरोध किया था। इस पर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को किसानों से अपील की थी कि वे ऐसा न करें। इससे आम जनता को असुविधा होगी।