चंडीगढ़। कोरोना वैक्सीन वितरण से पूर्व पंजाब के दो जिलों लुधियाना और शहीद भगत सिंह नगर में दो दिवसीय पूर्वाभ्यास सोमवार से शुरू किया जाएगा। इन दोनों जिलों में इसके लिए 5-5 स्थानों को चिह्नित किया गया है। पूर्वाभ्यास का नेतृत्व जिलाधिकारियों के नेतृत्व में किया जाएगा। कमियां उजागर होने पर उन्हें सुधार कार्यक्रम के तहत दूर किया जाएगा।
केंद्र सरकार ने कोरोना वैक्सीन के ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) के लिए पंजाब के दो जिलों का चुनाव किया था। इनमें लुधियाना और शहीद भगत सिंह नगर शामिल थे। इन दोनों जिलों में 5-5 जगहों पर 28 और 29 दिसंबर को वैक्सीन का पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। वैक्सीन का पूर्वाभ्यास इसलिए किया जाता है, जिससे वैक्सीन लोगों तक पहुंचाने से पहले इस बात का पता लगाया जा सके कि सब कुछ ठीक है। अगर कोई कमी है तो उसे ठीक किया जा सके। जानकारों के अनुसार पूर्वाभ्यास बिल्कुल उसी तरह होगा, जिस तरह वैक्सीन लगाई जाएगी। इस दौरान लोगों को वैक्सीन नहीं दी जाएगी, सिर्फ उन लोगों का डाटा लिया जाएगा और उसे अपलोड किया जाएगा। पूर्वाभ्यास के दौरान माइक्रो प्लानिंग और ऑनलाइन डाटा सिक्योर करने जैसी कई चीजों का परीक्षण होगा।
को-विन मोबाइल एप से रखी जाएगी नजर
को-विन मोबाइल एप के जरिए पूर्वाभ्यास के दौरान कोरोना वैक्सीन की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इस एप की खास बात यह है कि इसमें वैक्सीन से जुड़े कई पहलुओं, जानकारी और जरूरी डाटा को ऑनलाइन देखा जा सकेगा। को-विन एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिससे कोविड-19 वैक्सीन डिलिवरी की रियल-टाइम में मॉनिटरिंग हो सकेगी।
संक्रमण से 18 की मौत
पंजाब में कोरोना संक्रमण से लगातार मौतें हो रही हैं। रविवार को संक्रमित से 18 लोगों की मौत हो गई। संक्रमण के 292 नए मामले आए। अब तक सूबे में 5299 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। रविवार को अमृतसर में 4, बठिंडा में 1, गुरदासपुर में 2, होशियारपुर में 1, जालंधर में 2, लुधियाना में 2, मोगा में 2, एसएएस नगर में 1, रोपड़ में 1, एसबीएस नगर में 1, तरनतारन में 1 मरीज की मौत हो गई।