पिंजौर। यहां वासुदेव कॉलोनी की रहने वाली एक महिला के बेटे और बेटी को बंधक बनाकर उसे रिश्तेदारों द्वारा 10.85 लाख रुपये जबरदस्ती अपने खाते में ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। पिंजौर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ममता वर्मा नामक महिला ने आरोप लगाया है कि गुरुग्राम स्थित सेक्टर-49 में अपनी पुस्तैनी जमीन बेचने के बाद उसकी मौसी की बेटी उषा और उसके पति मनीष उन्हें धमकाकर व जबरदस्ती बैंक ले गए और अपने खाते में रुपये ट्रांसफर करवाए।
पुलिस को दी शिकायत में ममता ने बताया कि 4 जून 2025 को उषा और मनीष के माध्यम से गुरुग्राम स्थित अपनी पुस्तैनी जमीन की बिक्री की बातचीत शुरू की। 5 जून को बिक्री होने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। ममता ने बताया कि जमीन 40 लाख रुपये में बेची गई जिसमें 32 लाख रुपये तत्काल उनके बैंक खाते में जमा कर दिए गए तथा 8 लाख रुपये बाद में देने की बात कही गई।
2 प्रतिशत कमीशन की मांग की
ममता का आरोप है कि उषा व मनीष ने 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की। उसने 99 हजार रुपये उषा के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 6 जून 2025 को जब ममता घर लौट रही थीं, तभी उषा व मनीष ने कहा कि उन्हें भी पंचकूला जाना है। गाड़ी में साथ चलते हैं। उनके साथ अन्य मनीष की चाची और एक अन्य व्यक्ति भी गाड़ी से पिंजौर आया। ममता ने बताया कि इसके बाद उसे गाड़ी में घर के बाहर मैन रोड पर ले जाया गया। आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि तेरे पास बहुत पैसे हैं इसलिए 11 लाख रुपये बैंक से ट्रांसफर करवा दो, नहीं तो तेरे बेटे को मार देंगे। इससे वह बहुत डर गई। ममता ने आरोपियों से कहा कि बेटी की शादी करनी है और बेटे की किडनी का इलाज करवाना है। लेकिन उषा, मनीष और उसकी चाची नहीं मानी और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देने लगे।
घर से चेक बुक मंगाकर पैसे करवाए ट्रांसफर
इसके बाद मनीष ने शिकायतकर्ता की बेटी के पास फोन कर कहा कि तुम्हारी मम्मी को चेक बुक की जरूरत है। चेक बुक लेकर आओ। ममता के बेटा और बेटी चेक बुक लेकर आए गए। आरोपियों ने बेटे व बेटी को बंधक बना लिया और ममता को बैंक में ले गए और चेक पर जबदस्ती शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर करवाकर 10.85 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें व उनके बच्चों को सड़क पर छोड़ दिया और जाते हुए धमकी दी की यदि घटना के बारे में किसी को बताया या पुलिस में शिकायत करोगे तो तुम्हारे परिवार को खत्म कर देंगे। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई दिन तक सदमे में रही और अब हिम्मत कर शिकायत दी है।