पंचकूला। एसआईटी ने वसूली के मामले में संलिप्त आरोपी आकाश भल्ला को मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश भल्ला सेक्टर-2 पंचकूला निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस कमिश्नर डॉ. हनीफ कुरैशी के निर्देशानुसार डीसीपी पंचकूला सुरेंद्र पाल सिंह के द्वारा 26 मई को पुलिस चौकी सेक्टर-2 में छापा मारकर कर अवैध वसूली गिरोह का पर्दाफाश किया था।
नामी फाइनेंसर अनिल भल्ला और उसके बेटे साहिल भल्ला को पुलिस पहले ही परिजनों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरोह में शामिल आकाश भल्ला फरार चल रहा था, उसे शनिवार को मेरठ उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले चौकी इंचार्ज गुरमेज सिंह फरार चल रहा है। एसआईटी इंचार्ज एसीपी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि गैंग कर्ज के नाम पर लोगों को झांसा देता था। झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे की अवैध वसूली करता था। आरोपी लोगों की गाड़ियों को भी जबरदस्ती अपने नाम करवाते थे।
सेक्टर-2 निवासी संजीव गर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन से लोन तथा विदेश यात्रा के नाम पर 45 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई थी। सेक्टर-5 थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा थाना सेक्टर-5 व सेक्टर-20 थाना में आरोपियों के खिलाफ सात मामले दर्ज किये जा चुके है। मामलों कीं गहनता से जांच की जा रही है ।