पंचकूला। हरियाणा पुलिस विभाग से रिटायर्ड 92 वर्षीय एक बुजुर्ग के मकान पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है। सेक्टर-4 में अपना मकान होते हुए भी बुजुर्ग अपने दोस्त के मकान के एक कमरे में रहने को मजबूर है। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मनीमाजरा के शास्त्री नगर निवासी कंवलजीत सिंह पर केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को फिलहाल अरेस्ट नहीं किया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिकायतकर्ता ज्ञान प्रकाश ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उन्होंने 23 अक्टूबर, 2017 को आरोपी कंवलजीत सिंह को 11 महीने के लिए अपना मकान नंबर-457 किराए पर दिया। आरोपी ने केवल नवंबर और दिसंबर महीने का ही किराया दिया। जनवरी 2018 से अब तक आरोपी पर किराए का साढ़े चार लाख रुपये बकाया है। अक्टूबर 2017 से पानी के 26 हजार रुपये और बिजली के 45 हजार रुपये भी बकाया है। शिकायतकर्ता के आरोपों के मुताबिक उन्हें अपने स्तर पर जांच में पता लगा कि आरोपी किराया व बिजली-पानी के बिल नहीं देने के पेशेवर आरोपी हैं। बताया कि उन्होंने जीरकपुर के वीआईपी रोड समेत कुल दो जगहों पर ऐसे ही अवैध कब्जा किया हुआ है। प्रॉपर्टी मालिकों ने जीरकपुर पुलिस को उनके खिलाफ शिकायत भी की हुई है। साथ ही बताया कि आरोपियों पर पंजाब के मोगा और काडिया बटाला के पुलिस थाने में दो केस भी दर्ज हैं।
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वह हृदय रोगी और मधुमेह से पीड़ित हैं। इस कारण वह दोस्त के मकान में एक कमरे में रह तो रहे हैं, लेकिन नर्सिंग और डोमेस्टिक मदद की दरकार होने के चलते एक कमरे में यह जरूरत पूरी होना उनके लिए मुश्किल है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उनका मकान किराए पर लेने के समय पुलिस वेरिफिकेशन के सभी दस्तावेज भी जमा करवाए। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने रेंट एग्रीमेंट और पंचकूला पुलिस को जो आधार कार्ड और पता दिया था, वह भी फर्जी है।
शिकायतकर्ता ने कंवलजीत पर कई अन्य आरोप लगाते हुए अपने मकान में रखे कीमती फर्नीचर व अन्य सामान की सूची भी पुलिस को दी। बहरहाल, पुलिस आरोपी पर केस दर्ज कर आगामी जांच में जुटी है।