संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत शुक्रवार को नशा तस्कर दो भाइयों के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। उक्त कार्रवाई नगर निगम जालंधर ने कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के सहयोग से गढ़ा क्षेत्र के फगवाड़ी मोहल्ला में की।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि नगर निगम को सूचना मिली थी कि नशा तस्कर साहिल अटवाल उर्फ काली और संजीव अटवाल द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 12 मामले दर्ज हैं। संजीव फिलहाल जेल में बंद है, जबकि साहिल विभिन्न मामलों में वांछित है। धनप्रीत कौर ने बताया कि गिराया गया निर्माण कथित तौर पर ड्रग कारोबार की कमाई से किया गया था। सहायक पुलिस कमिश्नर रूपदीप कौर और सहायक नगर योजनाकार पूजा मान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की टीमों ने अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया।