संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। जिला पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। जिला पुलिस प्रमुख संदीप कुमार मलिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकारवार्ता की।
उन्होंने बताया कि सरकार के आदेश पर चलाए जा रहे युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत सीआईए स्टाफ ने अर्जुन शर्मा निवासी हरी नगर को 270 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पता चला कि सौरव जिंदल उर्फ सौबी निवासी मोहल्ला कीर्ति नगर अमेरिका निवासी एक व्यक्ति के इशारे पर मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त है। पुरहीरां निवासी आकाशदीप सौरव के कहने पर नशीली दवाएं सप्लाई करता था। जिसके बाद सौरव जिंदल और आकाशदीप पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अर्जुन शर्मा और आकाशदीप ने बताया कि सौरव जिंदल पिछले दिनों कई नशा तस्करों को हथियारों सहित पकड़े जाने के बाद उसने उनसे सीधे संपर्क नहीं कर रहा था। वह आशुतोष शर्मा निवासी मोहल्ला बहादुरपुर हाल निवासी कनाडा, जो इस समय भारत आया हुआ है, के माध्यम से उनसे संपर्क करता था। जो पैसे इकट्ठे होते थे, वह उसे सौरव जिंदल के कहने पर रविंदर आदिया निवासी खानपुरी गेट तथा भवानी सिंह निवासी कच्चे क्वार्टर को देता था।
इस संबंध में आशुतोष शर्मा, सौरव जिंदल, रविंदर आदिया और भवानी सिंह पर एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर आशुतोष शर्मा को गिरफ्तार किया गया। आकाशदीप और आशुतोष शर्मा ने बताया कि सौरव जिंदल उन्हें गुरिंदर सिंह निवासी खटकड़ खुर्द थाना बंगा (शहीद भगत सिंह नगर) के माध्यम से हेरोइन सप्लाई करता था। 14 अप्रैल को गुरिंदर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गुरिंदर सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह हेराेइन जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा निवासी गांव मोहनवाल, थाना गढ़शंकर के निर्देश पर सप्लाई करता था।
जिला पुलिस प्रमुख बताया कि जांच के दौरान 7 मई को सीआईए स्टाफ ने साहिलप्रीत सिंह निवासी किला ब्रून को 149 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया था। उसने पूछताछ में बताया कि उसे भी सौरव जिंदल द्वारा हेरोइन की सप्लाई की गई थी। इसके बाद सीआईए स्टाफ ने हेमंत निवासी आबादपुरा जिला जालंधर को 315 बोर की एक देसी पिस्तौल व 1 जिंदा राउंड सहित गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी नीरज कुमार उर्फ रांझा निवासी गांव हरदोखानपुर, हाल निवासी बंजारबाग के साथ मिलकर सौरव जिंदल के आदेश पर नशा व हथियार सप्लाई करता था। 7 मई को पुलिस ने साहिलप्रीत सिंह को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उसने भी हेरोइन सौरव जिंदल के आदेश पर सप्लाई की थी। 8 मई को उसने हेरोइन की पेमेंट कलेक्ट करके शहीद भगत सिंह नगर निवासी ज्योतिप्रीत कलेर को दे दी, जिसके खिलाफ भी सदर थाने में मामला दर्ज है।
16 मई को ज्योतिप्रीत कलेर को सीआईए ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे जालंधर से गिरफ्तार कर उससे 5.10 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। रिमांड के दौरान उससे देसी पिस्तौल तथा एक मैगजीन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह आकाश चौहान उर्फ रॉकी पुत्र सुरिंदर कुमार निवासी मोहल्ला विनाशपुरी, जिला शहीद भगत सिंह नगर, जो अमेरिका में रहता है, के कहने पर काम कर रहा था।