समर्थ पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड, क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ ने बनाए 11 परीक्षा केंद्र
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने एक जून से शुरू होने वाली जून 2026 टर्म एंड एग्जामिनेशन (टीईई) सत्रांत परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले शिक्षार्थी समर्थ पोर्टल पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ की ओर से 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज सेक्टर-46बी चंडीगढ़, जीजीडीएसडी कॉलेज सेक्टर-32सी चंडीगढ़, यूआईईटी पंजाब विश्वविद्यालय सेक्टर-25 चंडीगढ़, एमडीएसडी कॉलेज अंबाला शहर, राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज कबाड़ी बाजार अंबाला कैंट, जीएमएन स्नातकोत्तर कॉलेज अंबाला कैंट, राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज सेक्टर-1 पंचकूला, राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज कालका और पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के गणित विभाग को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा सेंट्रल जेल अंबाला और मॉडल जेल चंडीगढ़ में भी दो विशेष परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जो केवल जेल बंदियों के लिए निर्धारित हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र, परीक्षा समय, पाठ्यक्रम कोड और परीक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दिए गए हैं।