अब 26 अप्रैल तक बिना लेट फीस भर सकेंगे फॉर्म, छात्रों को जल्द आवेदन की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जून 2026 टर्म-एंड एग्जाम (टीईई) के लिए परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 26 अप्रैल कर दी है। अब छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के इस तिथि तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह निर्णय छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि वे समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने अभी तक फॉर्म जमा नहीं किया है, वे इस अवसर का लाभ उठाकर निर्धारित तिथि से पहले अपनी प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है। डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा फॉर्म भरते समय छात्र अपने परीक्षा केंद्र कोड का चयन सावधानीपूर्वक करें, क्योंकि बाद में केंद्र बदलने के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। पात्र छात्र समर्थ पोर्टल के माध्यम से इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर 26 अप्रैल 2026 तक बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं।