पंचकूला। दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों की बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ और तनाव मुक्त रहने के लिए एक अच्छी डाइट के तौर पर फ्रूट, नट्स, अंडा, दूध, दही, पनीर, सोया और दालों का सेवन करना चाहिए। इसके साथ ही पूरे दिन में छह से आठ गिलास पानी पीना चाहिए, जिससे उनका एनर्जी लेवल बना रहेगा। परीक्षा के दिनों में स्टूडेंट्स को कम से कम आठ घंटे सोना चाहिए, ताकि जो भी याद किया है उसे भूल न जाएं।
पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की डायटीशियन गीतांजलि गुप्ता ने बताया कि परीक्षा के दौरान सही आहार लेना उतना ही जरूरी है, जितना पढ़ाई करना। संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी और स्वस्थ जीवनशैली न केवल एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाती है, बल्कि तनाव को भी कम करती है। परीक्षा के दिनों में जंक फूड से दूर रहकर और पौष्टिक आहार को अपनाकर आप अपने एनर्जी लेवल को बेहतर बना सकते हैं। इसके लिए दिन में चार से पांच बार में थोड़ा-थोड़ा करके खाना चाहिए।
इन्हें डाइट में करें शामिल
परीक्षा में सफलता के लिए दिमाग का तेज और सक्रिय रहना जरूरी है। इसके लिए कार्बोहाइड्रेट के तौर पर ब्राउन राइस, होल व्हीट ब्रेड, ओट्स और किनुआ जैसे अनाज फायदेमंद होते हैं। वहीं, प्रोटीनयुक्त आहार से याद्दाश्त तेज होती है। इसमें अंडे, मछली, दूध, दही, पनीर, सोया और दालों का सेवन करना चाहिए। प्रोटीन दिमाग के न्यूरोट्रांसमीटर्स को सक्रिय करता है। अखरोट, अलसी के बीज, सूरजमुखी के बीज, बादाम स्वस्थ वसा के अच्छे स्रोत हैं।
इनसे मिलेंगे विटामिन और मिनरल्स
खुद को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन और मिनरल्स में बी6, बी12, सी और ई मस्तिष्क को सक्रिय रखते हैं। इसके लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, संतरा, नींबू, गाजर और टमाटर जैसे फल-सब्जियां दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं।
हाइड्रेशन के लिए पानी जरूरी
परीक्षा के दौरान हाइड्रेशन बनाए रखने के लिए पानी पीना बेहद जरूरी है। पानी की कमी से सुस्ती, थकान और सिरदर्द हो सकता है, जिससे ध्यान भटक सकता है। इसलिए दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी जरूर पीएं। साथ ही, नारियल पानी और नींबू पानी भी हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करते हैं।