पंचकूला। सड़क पर वाहन खड़ा किया तो पंचकूला ट्रैफिक पुलिस की तरफ से सख्त कदम उठाया जाएगा। पुलिस वाहन चालक का 1000 रुपये का चालान करेगी। पुलिस ने बताया कि टो जोन एरिया के बोर्ड लगाए गए हैं। अगर लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि शहर के लोग सब्जी मंडी, कोर्ट परिसर के पास, सेक्टर-11, 14, 15 सहित शहर की मार्केट के सामने रोड पर ही अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे जाम के हालात बन जाते हैं। जाम के हालात बनने पर वाहन मालिकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक पर एक हजार रुपये का चालान किया जाएगा। पंचकूला ट्रैफिक पुलिस लोगों को ट्रैफिक के नियमों का पालन करने के लिए रोजाना जागरूक कर रही है। ट्रैफिक के नियमों का पालन करने के लिए ट्रैफिक लाइटों पर एलईडी लगाकर जागरूक किया जा रहा है ताकि लोग जागरूक होकर यातायात के नियमों का पालन कर सड़कों पर होने वाले हादसों से बच सकें। पंचकूला पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने बताया कि अगर ट्रैफिक नियम का पालन नहीं किया जाएगा तो यह कार्रवाई की जाएगी।