संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। गन्ने की बकाया राशि को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने पत्रकारवार्ता की। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों की गन्ने की बकाया राशि का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो वे 19 अगस्त को वित्त मंत्री हरपाल चीमा के चंडीगढ़ स्थित घर का घेराव कर प्रर्दशन करेंगे।
किसान नेता जंगवीर सिंह चौहान ने बताया कि काफी वर्षों से गन्ने की बकाया राशि नहीं मिलती तो हर साल किसानों को जालंधर के दकोहा फाटक के पास जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर धरना लगा कर रोष प्रदर्शन करना पड़ता है जिससे लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हर बार मुख्यमंत्री कहते हैं कि लोगों को परेशान करने की जरूरत नहीं है, आप अपनी परेशानियां हमारे तक पहुंचाओ उसका हल निकाला जाएगा लेकिन ऐसा होता नहीं है। किसानों की तरफ से चंडीगढ़ में आप सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा से भी मुलाकात की गई थी लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि अब परेशान होकर व पत्रकारवार्ता कर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने आए हैं। चौहान ने कहा कि अगर सरकार कि तरफ से कोई जवाब नहीं आया तो 19 अगस्त को मंत्री चीमा के घर का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि 19 अगस्त को किसानों चंडीगढ़ कूच करेंगे।