पंचकूला। प्रदेश में बिजली के दामों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में इनेलो ने पंचकूला के शक्ति भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने महिलाओं को सौंपी। जाट भवन से शक्ति भवन तक पैदल मार्च किया गया। शक्ति भवन पहुंच कर बिजली के दाम कम करने के लिए एमडी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में पूरे प्रदेश से हजारों की तादाद में कार्यकर्ता पहुुंचे। प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष पंचकूला शहरी मनोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सतिंदर टोनी, महिला जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी, भागीरथ, शिटटू राणा सहित पंचकूला के सैकड़ों पदाधिकारी साथ मौजूद थे।
चौटाला ने कहा कि चुनावों से पहले सभी राजनीतिक पार्टियां अपना संकल्प पत्र जारी करती हैं। संकल्प का मतलब है कि जो वादे किए गए सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा किया जाए। बीजेपी ने भी अपने संकल्प पत्र में प्रदेश की जनता से कई वादे किए थे जिसमें 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त में देने, गैस सिलेंडर 500 रूपए, न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, कर्मचारियों को सुविधाएं देने और किसानों के लिए एमएसपी का कानून बनाने का वादा किया था। वादे पूरे करने के बजाय लोगों के सामने समस्याएं पैदा कर दी। हैरानी की बात है कि बिजली मंत्री झूठा बयान दे रहा है कि उन्होंने बिजली का एक पैसा नहीं बढ़ाया है जबकि बिजली के बिल चार गुना बढ़ा दिए। हमने 2015 में बीजेपी सरकार द्वारा बढ़ाए गए बिजली के दामों विरोध में 92 दिन तक लड़ाई लड़ी थी और मजबूर होकर बीजेपी को उस समय बढ़ाए गए दाम वापिस लेने पड़े थे।