पंचकूला। रायपुररानी निवासी गांव गढ़ी कोटाहा आमिर सोएब से विदेश भेजने के नाम पर 28 लाख की ठगी कर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आमिर शोएब ने बताया कि अमरावती एनक्लेव निवासी निखिल गुलशिया और ललित हांडा ने आमिर और उसके परिचित से कनाडा का वर्क वीजा दिलवाने के नाम पर करीब 28 लाख रुपये से अधिक रकम ठग ली है। पुलिस ने आमिर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पिंजौर थाना में केस दर्ज कर लिया है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पुलिस के मुताबिक आमिर सोएब ने अपने मौसा प्रवीन अरोड़ा और मौसी शैलेंद्र अरोड़ा के माध्यम से मार्च 2023 में अमरावती एनक्लेव के नाउफ्लाई ओवरसीज नामक दफ्तर में निखिल गुलशिया और ललित हांडा से मुलाकात की थी। दोनों ने भरोसा दिलाया था कि वे छह महीने में कनाडा का वर्क वीजा लगवाकर भेज देंगे। पूरे काम का खर्च 28.80 लाख रुपये बताया गया। आमिर और उसके परिजनों ने दस्तावेज देने के साथ-साथ 5 अप्रैल 2023 को 5 लाख रुपये कैश में दिए। इसके बाद उसका पड़ोसी राजकुमार भी इस झांसे में आ गया और उसने भी आरोपियों को 25 से 30 लाख रुपये अलग-अलग माध्यमों से दे दिए।
बार-बार समय मांगते रहे, फिर गायब हो गए
आरोपियों ने एलएमआईए दस्तावेज आने का झांसा देकर आमिर से सितंबर 2023 तक कुल 13.88 लाख रुपये और ले लिए, जिनमें से कुछ रकम निखिल की बहन के खाते में और बाकी चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से दी गई थी। इसके बाद भी जब वीजा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो आमिर और राजकुमार ने कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें टालमटोल कर झूठे आश्वासन दिए जाते रहे। कुछ समय बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए।
आमिर और राजकुमार आरोपियों के घर पैसे मांगने के लिए गए तो उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और आगे से घर आने के मना किया। इसके बाद में एक बार दफ्तर बुलाकर धमकाया और कहा कि जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।