अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पुनर्वास की जिम्मेदारी केंद्र पर डालने की कोशिश कर रही है। केंद्र को कोसने के बजाय सरकार को पहले अपने मौजूद फंड से तुरंत मुआवजा जारी करना चाहिए, इस वक्त लोगों को फौरी राहत की जरूरत है। राहत की मांग और केंद्र की आलोचना के प्रतीकात्मक संकल्प बाढ़ से तबाह लोगों का पेट नहीं भरेंगे। ऐसे में, अगर केंद्र पर्याप्त राहत देने से इन्कार करता है, तो राज्य सरकार का प्लान-बी क्या है?
जारी बयान में प्रदेशाध्यक्ष वड़िंग ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और पुनर्वास प्रदान करना पंजाब सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी जानते हैं कि केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के प्रति पूरी तरह से उदासीन है। हमें उससे कोई बड़ी उम्मीद भी नहीं है लेकिन सवाल यह उठता है कि पंजाब सरकार अपने स्तर पर क्या कर रही है?