चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने होशियारपुर में हुए हमले पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन पर हमला होने के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।
सांपला होशियारपुर के चब्बेवाल हलके के बाड़ियां कलां गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के खिलाफ धरने में शामिल होने गए थे। वहां पहुंचने पर मीडिया उनसे बातचीत करने आया। इसी दौरान मंच संभाल रहे कुछ लोगों ने भाजपा और सांपला के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने सांपला पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। जब सांपला मंच पर माइक पर बोलने गए तो कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। एक व्यक्ति ने सामने से मारा और दूसरे ने पीछे से हमला किया। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत कवर कर लिया।