पंचकूला। गांव सुखदर्शनपुर में 4.07 करोड़ की लागत से तैयार डॉग केयर सेंटर का निगरानी एवं कार्यान्वयन समिति के आठ पदाधिकारी सोमवार को दौरा करेंगे। नगर निगम स्तर पर बनाई समिति लावारिस कुत्तों की आबादी के प्रबंधन का जायजा लेंगे। समिति द्वारा लिए अंतिम निर्णय के अनुसार ही कुत्तों के प्रबंधन के बारे में कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में समिति द्वारा कुत्तों को पकड़ने, परिवहन, आश्रय, नसबंदी, टीकाकरण और उपचार की दिशा में भी विस्तार से चर्चा की गई।
पीपल फॉर एनिमल संस्था की चेयरपर्सन एवं सांसद मेनका गांधी के ट्वीट के बाद की परिस्थितियों से निपटने के लिए शुक्रवार को निगम कार्यालय में आयुक्त आरके सिंह की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि कुत्तों को किसी भी हालत में सेंटर में नहीं रखा जाएगा। निगम द्वारा जहां से कुत्तों को पकड़ा जाएगा उपचार के बाद वहीं छोड़ दिया जाएगा।
निगम आयुक्त आरके सिंह ने कहा कि एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया, भारत के सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय, केंद्र व राज्य सरकार की गाइड लाइन, कानून एवं नियमों के दायरे में रह कर ही बेसहारा कुत्तों की आबादी के प्रबंधन की दिशा में निगम कार्य करेगा। समिति द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक कार्यक्रम बनाने की दिशा में भी निर्णय लिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल और अन्य प्रचार के माध्यमों से भी आम लोगों को जागरूक करने पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
समिति के सदस्य सुविधाओं का लेंगे जायजा
नगर निगम आयुक्त ने निगम द्वारा लावारिस कुत्तों की आबादी के प्रबंधन की दिशा में बनाई योजना में कुत्तों के कल्याण की जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया कि सोमवार को दोपहर बाद एक बजे समिति के सदस्यों द्वारा डॉग केयर, अस्पताल, छात्रावास, ऑडप्शन एवं पुनर्वास केंद्र का दौरा भी किया जाएगा। समिति द्वारा दौरे के दौरान कुत्तों के रखरखाव के संबंध में बनाए भवन का निरीक्षण करने के साथ वहां पर कुत्तों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का भी जायजा लिया जाएगा।
बैठक में समिति के ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त एवं समिति के सचिव संयम गर्ग, कार्यकारी अभियंता संजीव गुप्ता, भारत पशु कल्याण बोर्ड की प्रतिनिधि चेतना जोशी, पशु कल्याण संघ की ओर से मीनाक्षी महापात्रा, पशुओं की क्रूरता की रोकथाम के लिए जिला समाज प्रतिनिधि डॉ. राजेंद्र सिंह, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला, पशुपालन विभाग के विशेष पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. समीर भारद्वाज, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. मनकीरत बेजुबान संगठन की ओर से शौर्य उपस्थित रहे।