पंचकूला। नगर निगम सदन की बैठक जो 28 अक्टूबर को होनी थी, अब दिवाली के बाद होगी। मेयर श्याम लाल बंसल का कहना है कि बैठक को स्थगित किया गया है ताकि सभी एजेंडों पर बेहतर तरीके से मंथन किया जा सके।
नगर निगम ने इस बार शहर के विकास को गति देने के लिए 45 एजेंडों की सूची तैयार की है। इसमें शहर के बड़े प्रोजेक्ट, वार्डों में चल रहे टेंडरों के काम और नए विकास प्रस्ताव शामिल हैं। कहा कि सभी पार्षदों की राय लेकर एजेंडों को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि हर वार्ड के काम को प्राथमिकता मिल सके। पिछले पांच साल में सदन की बैठकें कम हुईं, लेकिन अब नई सरकार वार्डों में अटके कामों को पूरा करने के लिए गंभीर है।
पार्षद भी अपने वार्डों के विकास को लेकर सक्रिय हैं। मेयर और पार्षदों के बीच पिछले दो दिन से एजेंडों पर चर्चा चल रही थी। इसी चर्चा को और बेहतर बनाने के लिए बैठक को दिवाली बाद रखने का फैसला लिया गया है। निगम आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि निगम सदन की बैठक को दिवाली के बाद अगले निर्देश तक टाल दिया गया है। मेयर के मुताबिक दिवाली बाद बुलाई जाने वाली बैठक में सभी एजेंडों पर विस्तार से चर्चा होगी और विकास कार्यों को तेजी से मंजूरी दी जाएगी। इससे वार्डों में सालों से लटके काम पूरे हो सकेंगे और शहर के बड़े प्रोजेक्टों को भी गति मिलेगी।