एक माह से चल रहा था उपचार, अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचारी दशरथ की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में ईश्वर सिंह ने बताया कि एक जुलाई की रात पुलिस लाइन गेट के पास उसका मौसेरा भाई दशरथ सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक चालक ने पैदल जा रहे दशरथ को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दशरथ को पहले सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।