तीन साल से लगातार शानदार रिजल्ट दे रहा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालका, डीईओ ने प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया हौसला
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कालका में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) पंचकूला संध्या छिकारा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में संध्या छिकारा ने कहा कि अध्यापकों को समर्पण और मेहनत के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आदर्श शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार और संस्कारित नागरिक बनाना भी होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार आर्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार तीन वर्षों से शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न स्तरों पर कई पुरस्कार हासिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के सभी शिक्षक टीम भावना के साथ कार्य करते हैं और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
समारोह में तृप्ति, सर्वजीत, पिंकी, राजीव कुमार, सुनील कुमार, सुशील, निधि, चारु, बबीता, क्रांति, सुमन, अनीता रानी, सुमन लता, रेखा रानी, ममता रानी, मुकेश रानी, सुमन देवी, अनीता देवी, स्नेह लता, शीतल, पूनम, राजेंद्र कौर, प्रीति, हरदीप सिंह और पूनम सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजकुमार आर्य ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।