बरवाला। पंचकूला-यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलीपुर इंडस्ट्री के नजदीक मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक के स्कूल बस के पीछे टकराने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंचकूला जिले के बटवाला निवासी कृशांत (22) के रूप में हुई। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कृंशात बाइक से अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया के किसी फैक्टरी से रात की ड्यूटी कर बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर जा रहा था। उसकी तेज रफ्तार बाइक आगे जा रही अकाल एकेडमी स्कूल रायपुररानी की बस के पीछे जा टकराई। हादसे में सिर बस से टकराने से कृशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास व सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना बरवाला पुलिस चौकी में दी। घायल युवक कृशांत को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पंचकूला पहुंचाया गया, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
कृशांत ने हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल व स्कूल बस को कब्जे में ले लिया। कृशांत के भाई हेमंत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।