पंचकूला। राजस्व विभाग की वित्त आयुक्त सुमिता मिश्रा ने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्त एवं राजस्व अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में पेपरलेस रजिस्ट्री के कार्य को सुचारू रूप से करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि वे स्वयं दौरा कर 3 तहसील, 2 सब-तहसील के कार्य की मॉनीटरिंग करेंगे और पेपरलेस रजिस्ट्री के कार्य को और बेहतर बनाएंगे। ताकि लोगों को जिला प्रशासन की सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए हर तहसील में एक हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी।
उपायुक्त ने इसके उपरांत लघु सचिवालय के सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पंचकूला, कालका, रायपुररानी के तहसीलदारों व सब तहसील, मोरनी व बरवाला के राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अपने कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री से संबंधित सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करें। यदि समस्या का हल नहीं निकलता है तो संबंधित व्यक्ति को विस्तार से उसके बारे में जानकारी दें। सभी राजस्व अधिकारियों को तहसील व सब-तहसील में लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं तहसील व सब-तहसील का दौरा कर रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इस संबंध में किसी किस्म का विलंब व लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार सुरेश कुमार, तहसीलदार विक्रम सिंगला, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह, हरदेव सिंह तथा अन्य राजस्व विभाग के अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में भाग लिया।