पंचकूला। मनसा देवी कांप्लेक्स (एमडीसी) स्थित बिल्डिंग में खामियों के बावजूद बिल्डिंग बेचने का मामला सामने आया है। खरीदारों की शिकायत पर एमडीसी थाना पुलिस ने चार बिल्डरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है उनमें माघी राम बंसल, बरुण बंसल, जनीश बंसल व कमलेश बंसल के नाम शामिल हैं।
खरीदार निशांत मित्तल व अन्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिल्डरों ने सुरक्षित और मजबूत निर्माण का आश्वासन देकर फ्लैट बेचे, जबकि बिल्डिंग में कई खतरनाक खामियां मौजूद थीं, जिन्हें जानबूझकर छिपाया गया।
शिकायत के अनुसार बिल्डिंग में धंसा हुआ फर्श, चौथी मंजिल की बालकनी से ग्रेनाइट गिरना, बच्चों के टॉयलेट की टूटी फॉल्स सीलिंग, पूरी इमारत में व्यापक सीपेज, छत की ममटी में दरारें, बेसमेंट में पानी का प्रवेश जैसी गंभीर खामियां थीं।
खरीदारों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी बिल्डरों ने कोई मरम्मत नहीं की। 6 सितंबर 2025 को जब सभी खरीदार एमडीसी के सेक्टर-5 बंसल प्लाइवुड ऑफिस पहुंचे तो खामियों पर चर्चा करने से मना कर दिया।