तेज आंधी और बारिश से पंचकूला का हाल-बेहाल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
तेज आंधी और बारिश से पंचकूला का हाल बेहाल हो गया है। सड़कें पानी से लबालब भर गईं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी की वजह से एमडीसी, अमरटैक्स, इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर 16 और 14 से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है।
पंचकूला में इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-19 के साथ ही अन्य सेक्टरों में भी जलभराव की स्थिति हो गई। पंचकूला सेक्टर 19 निवासी संदीप ने बताया कि सड़कों पर गड्ढे और पानी जमा होने से परेशानी हुई। नगर निगम ने सड़कों की री-कारपेटिंग की शुरुआत शनिवार से करनी थी। लेकिन बारिश से इस काम को रोक दिया गया है। निगम कमिश्नर जगदीप ढ़ाडा ने बताया कि मौसम ठीक होने पर सड़कों की री-कारपेटिंग का काम शुरू करवाया जाएगा।
बारिश से हुआ ब्लैक आउट
मोरनी क्षेत्र में बारिश से बिलजी की तारें टूट गईं। इससे पूरे इलाके में ब्लैक आउट हो गया। शनिवार दोपहर के बाद बिजली सप्लाई की गई। वहीं, बारिश और तेज हवाओं के चलते फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
फसल खराब होने से किसानों के चेहरे मुरझाए
बारिश और तेज हवा के चलते फसलों को नुकसान होने से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। वहीं ठंड बढ़ने से लोगों ने दोबारा गर्म कपड़े निकाल लिये हैं।