चंडीगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित 2303 गांवों में बाढ़ से उत्पन्न होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए शुरू की गई विशेष स्वास्थ्य मुहिम ने संभावित बीमारियों के फैलाव को रोकने में सफलता हासिल की है। वे संबंधित रिपोर्टों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह मुहिम मुख्य रूप से तीन-बिंदु रणनीतिक योजना के तहत काम कर रही है। इसमें स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक इलाज उपलब्ध करवाना, घर-घर जाकर दौरे करना ताकि लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं दी जा सकें और रोकथाम उपाय के रूप में क्षेत्रों में फ्यूमिगेशन किया जाना शामिल है। उनके अनुसार गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बढ़ाया जाएगा।
शनिवार को किए गए रोकथाम उपायों के आंकड़े साझा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल टीमों ने 1,118 गांवों को कवर किया है। शिविरों में 20,668 ओपीडी परामर्श किए गए जिनमें 2,324 बुखार के मामले, 505 दस्त के मामले, 2,606 त्वचा संक्रमण और 1,133 आंखों के संक्रमण का इलाज किया गया। तीव्र वेक्टर-नियंत्रण अभियानों के तहत 1,554 गांवों को कवर किया गया।