दो दिवसीय शिविर में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व की दी जानकारी
विज्ञापन
संवाद न्यूज़ एजेंसी-
बरवाला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाला में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. हर्ष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में डॉ. शिवानी और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 116 गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया।
डॉ. हर्ष कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान करना है। महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित जांच और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर में बरवाला स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले गांवों, ईंट भट्ठों और पोल्ट्री फार्मों में रहने वाली महिलाओं ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य निरीक्षक गुरमीत सिंह, एएनएम रंजना, उर्मिला, डॉ. नेहा और आशा वर्करों ने सहयोग दिया।