चंडीगढ़। केंद्र सरकार ने हरियाणा का ऑक्सीजन कोटा 70 एमटी (मीट्रिक टन) रोजाना के हिसाब से बढ़ा दिया है। अब हरियाणा को विभिन्न प्लांटों से प्रतिदिन 162 की जगह 232 एमटी ऑक्सीजन मिलेगी। हरियाणा सरकार ने ऑक्सीजन कोटा 300 एमटी प्रतिदिन करने की मांग की थी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव निपुण विनायक ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा को पत्र लिखकर कोटा बढ़ाने की जानकारी दी है। अभी प्रदेश को रोजाना 162 एमटी ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही थी, ऑक्सीजन का यह स्टॉक कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कम पड़ रहा था। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्र सरकार से कोटा बढ़ाने की मांग की थी।
हरियाणा को रुड़की, भिवाड़ी इत्यादि प्लांटों से बढ़े हुए कोटे की ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। पानीपत प्लांट से 100 एमटी, जिंदल स्टील प्लांट हिसार से 7 एमटी, लिंडे राउरकेला प्लांट से 30 एमटी, टाटा प्लांट एंगुल से 40 एमटी, भिवाड़ी प्लांट से 20 एमटी, रुड़की प्लांट से 25 एमटी, एमएसएमई से 10 एमटी ऑक्सीजन मिलेगी।