पंचकूला के माता मनसा देवी से कालका के काली माता मंदिर तक के दर्शन श्रद्धालु सिर्फ 110 रुपये में कर सकेंगे। आज से हरियाणा रोडवेज पंचकूला और कालका के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर रहा है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
माता मनसा देवी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु अब महज 110 रुपये में पंचकूला से कालका तक के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। हरियाणा रोडवेज शुक्रवार से इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा शुरू करने जा रहा है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस सेवा से माता मनसा देवी मंदिर, चंडी मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर जुड़ेंगे।
हरियाणा रोडवेज पंचकूला के महाप्रबंधक सुखदेव सिंह के अनुसार दोनों बसों का निर्धारित मार्ग करीब 28 से 29 किलोमीटर होगा। प्रति यात्री 110 रुपये किराया तय किया गया है। टिकट के आधार पर यात्री एक दिन तक बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। प्रत्येक बस रोजाना छह चक्कर लगाएगी।
विज्ञापन
बसों का संचालन तीनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर होने वाली आरती के समय को ध्यान में रखकर किया जाएगा। इससे श्रद्धालु दर्शन के साथ आरती में भी शामिल हो सकेंगे। दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों को अलग-अलग वाहनों की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
इलेक्ट्रिक बस सेवा से धार्मिक और पर्यटन स्थलों के बीच सार्वजनिक परिवहन बेहतर होगा। कम किराये में यात्रा की सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
हॉप-ऑन हॉप-ऑफ सेवा क्या है
यह एक ऐसी पर्यटन परिवहन सेवा होती है जिसमें आप एक टिकट से तय रूट के किसी भी स्टॉप पर उतर सकते हैं, अपनी सुविधानुसार घूम सकते हैं और बाद में उसी रूट की अगली बस या वाहन में दोबारा चढ़ सकते हैं।