सोनीपत नगर निगम चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा की जीत
वहीं, सोनीपत में नगर निगम चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा की शानदार जीत हुई है। भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत के बाद कंधे पर उठा लिया और जमकर जश्न मनाया। राजीव जैन ने जीत के बाद कहा आम जनता का यह प्यार-प्रेम और आशीर्वाद एक दिन की नहीं उनकी 40 साल की कमाई है। यही वजह थी कि भाजपा ने जनता पर मजबूत पकड़ होने की वजह से ही इन्हें लगातार दूसरी बार मेयर पद का प्रत्याशी बनाया था। बीते साल भी मेयर पद के लिए हुए उप-चुनाव में राजीव जैन को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में उन्होंने करीब 35 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। वहीं, इस बार 23 हजार 247 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान को पटखनी दी। सोनीपत के कुल 22 वॉर्डों में 17 भाजपा ने और पांच पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई।
पंचकूला में भी बीजेपी की एकतरफा जीत
पंचकूला नगर निगम चुनाव में भी बीजेपी ने एकतरफा जीत हासिल की। नगर निगम के कुल 20 वॉर्डों में से 17 पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया। कांग्रेस केवल एक सीट पर सिमट कर रह गई, जबकि दो वॉर्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। मेयर पद के मुकाबले में भाजपा के श्याम लाल बंसल ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर रखी। भाजपा प्रत्याशी श्याम लाल बंसल ने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज को 36,252 मतों के भारी अंतर से हरा दिया। इस चुनाव में श्याम लाल बंसल को कुल 68,544 वोट मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुधा भारद्वाज को 32,292 वोटों से संतोष करना पड़ा।
रेवाड़ी नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा
रेवाड़ी नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा की विनीता पिप्पल ने बड़ी जीत दर्ज की है। विनीता पिप्पल ने कांग्रेस प्रत्याशी नेहारिका को 21,455 वोटों के बड़े अंतर से हराया। अंतिम राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। विनीता पिप्पल को कुल 44,521 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की नेहारिका को 23,066 वोट प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. मीनू डहीनवाल तीसरे स्थान पर रहीं, जिन्हें 3,103 वोट मिले। वहीं आशा को 1,851, दीपिका पवार को 948 और शकुंतला भांडोरिया को 552 वोट मिले। नोटा के पक्ष में भी 1,049 मतदाताओं ने मतदान किया।