चंडीगढ़। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी जिला नगर निगम आयुक्तों को उनके अधिकार क्षेत्रों में कलेक्टर के अधिकार प्रदान किए हैं, ताकि वे भू-राजस्व के बकाया के रूप में नगर निकाय देय करों, शुल्कों की वसूली कर सकें।
विज्ञापन
वित्त आयुक्त और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने इस आशय की एक अधिसूचना वीरवार को जारी की। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने भी नगर निगमों के सभी अतिरिक्त आयुक्तों और संयुक्त आयुक्तों को सहायक कलेक्टर प्रथम श्रेणी की शक्तियां दी हैं । इसी प्रकार, अधिसूचना में यह भी बताया गया है कि नगर निगमों के समस्त उप-नगर निगम आयुक्तों, कार्यकारी अधिकारियों तथा जोनल कराधान अधिकारियों को उनके संबंधित क्षेत्राधिकार में सहायक कलेक्टर ग्रेड-2 की शक्तियां प्रदान की गई हैं। हरियाणा सरकार ने हाल ही में सभी नगर समितियों में विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से हर जिले में जिला नगर निगम आयुक्त के नए पद सृजित किए हैं।