खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खेलतीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आखिरी दिन सोमवार को हरियाणा ने अपना दबदबा कायम रखा। 4 जून से चल रही बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीत कर हरियाणा बॉक्सिंग में ओवरऑल चैंपियन बन गया। हरियाणा की ओर से 8 लड़कियां और 5 लड़के फाइनल में पहुंचे थे, जिसमें लड़कियों ने छह और लड़के ने चार स्वर्ण अपने नाम किए। इसके साथ ही खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का चैंपियन बनाने की रेस में हरियाणा का स्थान मजबूत कर दिया है। वहीं बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने गोल्डन पंच लगाकर हरियाणा के खाते में 10 पदक जोड़े, जिसकी बदौलत हरियाणा स्वर्ण का अर्धशतक लगा कर 52 स्वर्ण, 39 रजत और 46 कांस्य पदक के साथ कुल 137 पदकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है।
छह स्वर्ण जीत कर छोरियों ने दिखाया अपने पंच का दम
45-48 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की गीतिका ने उत्तर प्रदेश की रागिनी उपाध्याय को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 48-50 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की तमन्ना ने पंजाब की सुविधा भगत को 5-0 से हराया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, 52-54 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की नेहा ने उत्तराखंड की आरती धरिया को 5-0 से मात देकर स्वर्ण पदक हरियाणा की झोली में डाला। जबकि 54-57 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की प्रीति ने मणिपुर की हुईर्डो ग्रीविया देवी को पहले ही राउंड में नॉक आउट कर अपनी जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा, 57-60 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की प्रीति दहिया ने राजस्थान की कल्पना को 4-1 से हराकर गोल्ड पर कब्जा किया। 66-70 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की लशु यादव ने दिल्ली की शिवानी को 5-0 से हराकर स्वर्ण जीता। इसी प्रकार 50-52 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की नीरू खत्तरी ने रजत और 63-66 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की मुस्कान ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में छोरियों ने अपने पंच का दम दिखाकर यह साबित कर दिया कि म्हारी छोरियां छोरों से कम नहीं हैं।
लड़कों ने झटके चार स्वर्ण
63.5 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के वंसज ने असम के ईमदाद हुसैन को हराकर गोल्ड जीता। 71 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के हर्षित राठी ने चंडीगढ़ के आशीष हुड्डा को हराया और स्वर्ण पर कब्जा किया। इसी प्रकार, 75 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के दीपक ने महाराष्ट्र के कुनाल घोरपड़े को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 80 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के विशाल ने पंजाब के अक्श गर्ग को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, 46-48 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के आशीष ने रजत पदक जीता।