संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खेले गए अखिल भारतीय जेपी अत्रेय क्रिकेट टूर्नामेंट में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन कोल्ट्स ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन को सात विकेट से हराया। कनिष्क चौहान की शानदार गेंदबाजी के कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। रिटायर्ड आईएएस विवेक अत्रे और पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल ने एचसीए कोल्ट्स के कनिष्क पुरस्कार दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन ने 44 ओवर में 142 रन बनाए। श्लोक देसाई ने सर्वाधिक 38 रन, प्रत्युष कुमार ने 25 और पी कोहली ने 18 रन बनाए। गेंदबाजी में कनिष्क चौहान ने तीन विकेट लिए, लक्ष्य सांगवान और ईशांत भारद्वाज ने 2-2 विकेट और आदित्य चौधरी और वत्स को 1-1 विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए एचसीए कोल्ट्स ने 143 रन का लक्ष्य मात्र 26 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। यशवर्द्धन दलाल ने शानदार 47 गेंदों में नाबाद 51 रन, सर्वेश रोहिल्ला ने नाबाद 36 रन, मयंक ने 26 और युवराज ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में मनन सोलंकी ने दो विकेट लिए।