नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग का निर्णय
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शिक्षा विभाग ने नौवीं और 11वीं कक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय बोर्ड परीक्षाओं से पहले लिया गया है, ताकि राजकीय विद्यालयों में समय पर दाखिले सुनिश्चित किए जा सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि नौवीं कक्षा के प्रवेश एक अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक से 16 मई तक बिना विलंब शुल्क के प्रवेश लिए जा सकेंगे। 17 से 31 मई तक संस्था प्रमुख संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर बिना विलंब शुल्क प्रवेश दे सकेंगे।
11वीं कक्षा के लिए नया सत्र आरंभ होते ही एक अप्रैल से अस्थायी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद दस दिन के भीतर नियमित प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को विभिन्न विषय समूहों के बारे में जागरूक करने के लिए शिक्षक घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चलाएंगे, ताकि छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही विषय का चयन कर सकें। शिक्षा विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करना है।