पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-6 निवासी को 200 रुपये की तीन थाली ऑर्डर करना महंगा पड़ गया। उससे 1.99 लाख रुपये की ठगी हो गई। एमडीसी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, एमडीसी सेक्टर 6 निवासी एसके गोयल के पास एक प्रमोशनल कॉल आई। इसमें शहर के नामचीन रेस्टोरेंट का 200 रुपये में तीन वेज थाली की स्कीम बताई गई। शिकायतकर्ता को स्कीम अच्छा लगा और उन्होंने तीन थाली मंगवाने की बात कही।
इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक मैसेज आया। उस मैसेज में एक लिंक था जिस पर क्लिक कर पेमेंट करना था। शिकायतकर्ता ने लिंक पर क्लिक कर 200 रुपये का पेमेंट किया। पेमेंट के दौरान ही शिकायतकर्ता के बैंक खाते से तीन बार 49800-49800 रुपये निकाल लिए। डेबिट का मैसेज शिकायतकर्ता के मोबाइल पर नहीं आया।
इसके बाद कॉल करने वाले शिकायतकर्ता को दूसरे बैंक से पेमेंट करने की बात कही तो उस बैंक खाते से भी 49760 रुपये निकाल लिए। शिकायतकर्ता को जब संदेह हुआ तो उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उन्हें धोखाधड़ी के बारे में पता चला। इस दौरान उनके एकाउंट से साइबर ठग ने 199160 रुपये निकाल लिए।