पंचकूला। जिले में शनिवार को कोरोना के 128 नए मामले सामने आए हैं। इसमें जिले के 110 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 18 मरीज बाहरी जिलों और प्रदेशों से आए हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 426 पहुंच गई है। 10 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 416 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में 10 मरीज भर्ती हैं। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को 598 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 46701 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 45857 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
418 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 647344 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना टेस्ट करवा सकते हैं। लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।