पिंजौर। वीरवार शाम करीब एक दर्जन हमलावरों ने रंजिशन तेज हथियारों से हमला कर गांव मानकपुर ठाकुरदास निवासी गुरविंदर सिंह का कर दिया था। इस आरोप में 11 आरोपियों पर नामजद मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी यशदीप ने कहा कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर गुरविंदर सिंह का उसके गांव मानकपुर ठाकुरदास के श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पिंजौर थाना प्रभारी के साथ साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
हमले में घायल गुरविंदर के भाई गुरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसके ताया का लड़का गुरविंदर सिंह पिंजौर से अपने गांव की ओर आ रहे थे। इस दौरान जैसे ही वे शाम करीब साढ़े 7 बजे गांव मानकपुर देवीलाल में स्थित गुग्गा माड़ी के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही आल्टो कार के चालक ने अपनी कार उनकी बाइक के आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। कार में करीब 5 लड़के थे। कार के पीछे आ रही 5 बाइकों पर भी करीब एक दर्जन आरोपी थे। सभी आरोपियों ने उनके पर तलवार, गंडासे से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी चन्नी उर्फ कुलदीप, हप्पू ने गंडासे और तलवार से उसके भाई गुरविंदर सिंह की कोहनी और टांग पर हमला करके बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं आरोपी गुरमीत उर्फ गुम्मी और कीचू ने तलवार और डंडों से उस पर हमला कर दिया। उसके बाद अन्य आरोपी कुलवीर, रंगपाल, लवली जग्गा, सत्तू, अच्छर, पीलू, राजू, गूंगा के साथ अन्य ने उन दोनों पर तलवार और गंडासे से हमला कर दिया। गुरविंदर जब बेहोश होकर सड़क पर गिर गया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते हुए आरोपियों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि इस बार तो बच गए अगली बार मौका मिला तो वे उन्हें जान से मार देंगे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें पंचकूला सेक्टर 6 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां जाकर पता चला कि गुरविंदर की हमले में लगी चोटों से मौत हो गई है। पुलिस से मांग करते शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी चन्नी आदि ने रंजिश के चलते हमला किया है इसलिए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी चन्नी उर्फ कुलदीप, हप्पू, गुरमीत उर्फ गुम्मी, कीचू, कुलवीर, रंगपाल, लवली जग्गा, सत्तू, अच्छर, पिल्लू राजू, गूंगा आदि के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।