फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरु रविदास जी का प्रकाश पर्व भव्य स्तर पर मनाएंगे : मान

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाएगी। चार से छह दिसंबर तक खुरालगढ़ में तीन दिवसीय धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सभी प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक अवसर है। गुरु जी ने बेगमपुरा की ऐसी परिकल्पना की थी जहां भेदभाव, शोषण और असमानता के लिए कोई स्थान न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलें।
चार दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ समारोह शुरू होंगे। इस दौरान गुरु जी के जीवन और दर्शन पर आधारित प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा-कीर्तन दरबार, थ्री डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन

पांच दिसंबर को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसके अलावा गुरु रविदास जी महाराज की वाणी पर विशेष सम्मेलन, कथा-कीर्तन दरबार और अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। छह दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ तीन दिवसीय समारोह का समापन होगा। इस दिन बेगमपुरा समागम, कथा-कीर्तन दरबार और 3डी प्रोजेक्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मान ने बताया कि संत समाज के नेतृत्व में चार भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। ये शोभायात्राएं वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से रवाना होकर तीन दिसंबर को खुरालगढ़ पहुंचेंगी।


बॉक्स
हर गांव में होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व के आयोजन केवल खुरालगढ़ तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरे वर्ष विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गुरु जी की शिक्षाओं को प्रदेश के हर गांव तक पहुंचाया जा रहा है। इसके तहत सेमिनार, कार्यशालाएं, विशेष कीर्तन समागम, स्कूलों में प्रतियोगिताएं, 13 हजार गांवों में डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, 90 विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन शो, मैराथन, रक्तदान शिविर और पौधरोपण अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें