पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट, 21 साल से सरकारी स्कूलों में सेवाएं देने का दिया हवाला
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नियमित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गेस्ट टीचर्स पर रविवार को पंचकूला में पुलिस ने सख्ती दिखाई। गेस्ट टीचर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के मीडिया प्रवक्ता अजय लोहान के अनुसार, पुलिस ने पंचकूला में कई महिला शिक्षकों को उनके घरों से ही हिरासत में ले लिया और बसों में भरकर ले गई। प्रदेश के अन्य शहरों में भी पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई की।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में शिक्षक संगठनों ने कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया। अजय लोहान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विभिन्न कर्मचारी और शिक्षक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों को भी हिरासत में लिया है।
गेस्ट टीचर्स का कहना है कि वे पिछले 21 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने तीन साल की नीति के तहत उन्हें नियमित करने के आदेश दिए हैं। सरकार को इन आदेशों को लागू करना चाहिए। उनका आरोप है कि भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में सत्ता में आने पर पहली कलम से नियमित करने का वादा किया था।
अजय लोहान ने कहा कि तीन साल की नीति के तहत गेस्ट टीचर्स को नियमित किया जाना चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।