इन सेक्टरों में रहती है सबसे अधिक समस्या
पंचकूला के पाश सेक्टरों में सबसे अधिक समस्या रहती है। जरूरी काम के चलते शहर के सेक्टर-7, 11,14,19,20 के सेक्टरों में सबसे अधिक लोग आते हैं। यहां पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण लोग अपने वाहन मेन रोड पर खड़े करते हैं। वाहन खड़ा होने के कारण रास्ते में पूरा जाम लग जाता है। इस कारण ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती है। प्रशासन को इसकी जानकारी भी है लेकिन पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण इस पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। इस कारण अभी तक हालात नहीं सुधर पाए हैं।
मल्टीलेवल पार्किंग की जमीन नहीं हुई फाइनल
नगर निगम की ओर से भले ही मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की सहमति दी गई है लेकिन अभी तक इस पर कोई काम नहीं शुरू हो पाया है। प्रोजेक्ट के नहीं शुरू हो पाने के कारण शहर में जाम के हालात बने हैं। शहर में हालात ठीक नहीं होने से परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि पार्किंग के लिए साइट तय हो जाए तो निगम की ओर से इसे जल्द बना दिया जाएगा।
- पंचकूला शहर की कुल जनसंख्या: 3.50 लाख
- पंचकूला में वाहनों की संख्या : 5.50 लाख
- शहर में बाहर से आने वाले वाहनों की संख्या: 1 लाख
- शहर में कुल पार्किंग स्थल: 27
- शहर में वाहनों की खड़ा करने की क्षमता: 3.50 लाख
पार्किंग की समस्या को देखते हुए प्लान बनाया गया है लेकिन अभी तक जमीन अलॉट नहीं हो पाई है। इसलिए इस प्रोजेक्ट पर अभी तक काम नहीं हो पाया है। जमीन मिलने पर तुरंत ही इसे बनाया जाएगा। - कुलभूषण गोयल, मेयर, पंचकूला नगर निगम