संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चंडीमंदिर सैन्य स्टेशन में आयोजित एक समारोह में शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस समारोह में उन सैनिकों की वीरता और बलिदान को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया और देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी।
बंडारू दत्तात्रेय ने कारगिल युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों की बहादुरी और समर्पण को याद रखने के महत्व पर बल देकर आभार जताया। इस समारोह में सेना की पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा के साथ-साथ स्टेशन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, जेसीओ और सैनिक भी मौजूद थे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के दिग्गज और उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
कारगिल विजय दिवस हर साल 26 जुलाई को 1999 के कारगिल युद्ध (ऑपरेशन विजय) में पाकिस्तान पर भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक जीत को चिह्नित करने और कर्तव्य की राह पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे बहादुरों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। राष्ट्र अपने सैनिकों के दृढ़ संकल्प और अद्वितीय साहस का सम्मान करता है।