पंचकूला, अंबाला, फरीदाबाद और गुरुग्राम सेंटर संचालकों को स्टाॅफ का वेतन और अन्य वस्तुओं का भुगतान करना हुआ मुश्किल
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। दिल के मरीजों को बेहतर इलाज देनी वाली पंचकूला सहित अंबाला, फरीदाबाद और गुरुग्राम के सरकारी अस्पतालों के कैथ लैब आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। इस कारण हार्ट सेंटरों में आने वाले आयुष्मान भारत, बीपीएल व एससी कार्डो सहित सरकार की निशुल्क योजनाओं के तहत होने वाले इलाज एक मई से बंद हो सकते हैं। प्रदेश के चारों सरकारी अस्पतालों में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत चलने वाले हार्ट सेंटर संचालकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। 15 अप्रैल तक 25 करोड़ रुपये के बकाया बिलों का भुगतान प्रदेश सरकार ने नहीं किया तो 1 मई से कैथ लैबों में महज आपात और नकद सेवाएं ही चलेंगी।
नतीजा प्रदेश के लाखों गरीब तबके के मरीज सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों से वंचित रह जाएंगे। उनको निजी अस्पतालों में अपनी जेब कटवानी पड़ेगी। बता दें कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में चलने वाले हार्ट सेंटरों में आयुष्मान भारत, बीपीएल व एससी कार्डो सहित सरकार की निशुल्क योजनाओं से मिलने वाले लाभ का भुगतान सरकार करती है। इसका भुगतान करीब एक साल से नहीं किया गया है।
पीजीआई और निजी अस्पतालों के लगाने पड़ेंगे चक्कर
1 मई के बाद लोगों को एन्जियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी के लिए पीजीआई और जीएमसीएच चंडीगढ़ के चक्कर लगाने पड़ेंगे। एन्जियोप्लास्टी की बात करें तो पंचकूला के नागरिक अस्पताल सहित प्रदेश के तीनों कैथ लैबों में करीब 50 हजार रुपये चार्ज किया जाता है। वहीं बाहर इस मेडिकल सुविधा का लाभ लेने के लिए मरीज को एक से सवा लाख तक भुगतान करना पड़ता है। सरकारी अस्पताल में एंजियोग्राफी महज 3209 रुपये में हो जाता है, जबकि निजी अस्पतालों में करीब 13 हजार रुपये तक भुगतान करना पड़ेगा।
अभी इतने कम दरों पर होता है, उपचार
ओपीडी परामर्श के लिए 116 रुपये, हॉल्टर एनालिसिस के लिए 264 रुपये, ईसीएचओ के लिए 982 रुपये, टीमटी के लिए 326 रुपये, कोरोनेरी एंजियोग्राफी के लिए 3209 रुपये, बलून कोरोनेरी एंजियोप्लास्टी सिंगल स्टंट के साथ 46 हजार 112 रुपये, बलून कोरोनेरी एंजियोप्लास्टी डबल स्टंट के साथ 69 हजार 737 रुपये, कैथ 2 हजार 790 रुपये, टीपीआई सिंगल चैंबर डिवाइस के साथ 2 हजार 325 रुपये, टीपीआई डबल चैंबर 2 हजार 530 रुपये, परमानेंट पेस मेकर सिंगल चैंबर डिवाइस के साथ 49 हजार 206 रुपये के साथ अन्य सुविधाएं मरीजों को मिलती हैं।
इन्हें मिलती है, फ्री सुविधा
कुछ श्रेणी को एन्जियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी की सुविधा मिलती है। इनमें बीपीएल कार्डधारक, आयुष्मान भारत, अर्बन स्लम एरिया के मरीज, शेड्यूल कास्ट, दिव्यांग भत्ता पाने वाले शामिल हैं।
कहां-कहां कितना बकाया
पंचकूला सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की कैथ लैब का करीब 5 करोड़
अंबाला का 15 करोड़ रुपये बकाया
गुरुग्राम और फरीदाबाद के अस्पताल में स्थित कैथ लैब का 5 करोड़ रुपये
वेतन और अन्य भुगतान के लिए कम पड़ने लगे पैसे
पीपीपी मोड पर सरकारी अस्पतालों में चलने वाले हार्ट सेंटरों को चलाने वाली कंपनी मेडिट्रिना के एमडी डॉक्टर प्रताप कुमार एन ने बताया कि पंचकूला, अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम के लैबों का करीब 25 करोड़ रुपये प्रदेश सरकार पर बकाया है। वर्तमान में स्टाफ का वेतन और उपचार में प्रयोग होने वाली वस्तुओं के भुगतान के लिए पैसे कम पड़ने लगे हैं। अगर सरकार ने समय पर बकाया पैसों का भुगतान नहीं करवाया तो मजबूरन एक मई से हार्ट सेंटरों में आने वाले आयुष्मान भारत, बीपीएल और एससी कार्डो सहित सरकार की निशुल्क योजनाओं के तहत किया जाने वाला उपचार बंद करना पड़ेगा। इस मामले में हरियाणा के स्वास्थ्य महानिदेशक रणदीप सिंह पुनिया चुप्पी साधे हुए हैं।